ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष के बीच भारत ने अपने नागरिकों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों से ईरान की यात्रा न करने और वहां मौजूद लोगों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है। इस्राइल-ईरान हमलों, हूती विद्रोहियों की चेतावनी और ट्रंप की कूटनीतिक कोशिशों के बीच पश्चिम एशिया में बड़े युद्ध का खतरा गहरा गया है।

ईरान और इस्राइल के बीच फिर तेज हुए सैन्य संघर्ष ने पूरे पश्चिम एशिया को तनाव के मुहाने पर ला खड़ा किया है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि भारत सरकार को भी अपने नागरिकों के लिए हाई अलर्ट जारी करना पड़ा। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने साफ शब्दों में कहा है कि भारतीय नागरिक ईरान की यात्रा बिल्कुल न करें और जो लोग अभी वहां मौजूद हैं, वे उपलब्ध साधनों से तुरंत देश छोड़ दें। दूतावास की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब क्षेत्र में मिसाइल हमले, एयरस्ट्राइक और जवाबी कार्रवाई लगातार बढ़ रही है।













