नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन का फ्लैग ऑफ करते हुए सीएम धामी ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। 31 मई को नीति घाटी में होने वाले इस आयोजन के लिए 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन कार्यक्रम को फ्लैग ऑफ किया। इस दौरान मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में भी उन्होंने हिस्सा लिया।
शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री ने 31 मई 2026 को होने वाले अल्ट्रा रन के शुभंकर क्यालु- हिम तेंदुआ का भी अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास जगाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा है और यह आयोजन उसी का प्रतीक बनेगा।













